भाजपा जिलाध्यक्ष के प्रतिष्ठान का पावर कारपोरेशन ने काटा कनेक्शन
बुलंदशहर। नगर में पावर कारपोरेशन द्वारा बकाएदारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान विद्युत विभाग की टीम द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष के प्रतिष्ठान का कनेक्शन काट दिया गया। जबकि प्रतिष्ठान पर केवल एक माह का ही बिल बकाया था। जिलाध्यक्ष ने मामले की शिकायत उच्च अफसरों से की तो विभाग में खलबली मच गई। टीम में शामिल जेई का स्थानांतरण कर मामले को दबाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।
शासन के आदेश पर पावर कारपोरेशन द्वारा जिले में 10 हजार से अधिक बकाएदारों के खिलाफ गत एक फरवरी से कनेक्शन काटने का अभियान चलाया जा रहा है। गत एक सप्ताह पूर्व टीम द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष के प्रतिष्ठान पर करीब 11 हजार रुपये का बिल बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया। जिसकी जानकारी मिलने पर जिलाध्यक्ष द्वारा विभाग के उच्च अफसरों से शिकायत की गई तो विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं, जिलाध्यक्ष द्वारा बकाया धनराशि जमा करने पर कनेक्शन को जोड़ दिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई। जिसमें सर्वप्रथम जेई ज्योति भास्कर की लापरवाही मिलने पर स्थानांतरण कर दिया गया।
---
बकाया बिल लिस्ट में नाम शामिल होने पर कनेक्शन काटा गया था, जो बिल जमा करने के बाद जोड़ दिया गया। कनेक्शन किसका था इसकी जानकारी नहीं है। मेरा स्थानांतरण पूर्व में ही हो गया था, जबकि रिलीव अब हुआ हूं।
-ज्योति भास्कर, टीम में शामिल जेई
----
एक माह का बिल बकाया होने पर टीम द्वारा भूलवश कनेक्शन काट दिया गया। जिसे जुड़वा दिया गया। बताया कि कनेक्शन काटने से पूर्व जेई को संबंधित उपभोक्ता को बताना चाहिए था, साथ ही बिल जमा करने के लिए अवगत कराना चाहिए था। उच्च अफसरों के आदेश पर संबंधित जेई का स्थानांतरण कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
-आरपीएस तोमर, चीफ इंजीनियर
---
हमारी तरफ से कोई बिल बकाया नहीं थी। बिजली विभाग द्वारा कोई गलती हो गई होगी, जिसे बिजली विभाग द्वारा बाद में सुधार कर लिया गया।
- हिमांशु मित्तल, भाजपा जिलाध्यक्ष
---