सरकार नहीं भ्रष्ट प्रशासन के खिलाफ हूं : ओमप्रकाश
सिकंदराबाद। अक्सर विवादित बयानों को लेकर चर्चाओं में रहने वाले भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि वह सरकार के खिलाफ नहीं बल्कि प्रशासनिक स्तर पर होने वाले भ्रष्टाचार के खिलाफ है। जब भी जनता का उत्पीड़न होगा वह आवाज उठाएंगे।
शनिवार को कैबिनेट मंत्री ने सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र के हदयपुर में स्थापित हुई ओम बालाजी आटो मोबाइल्स इंडिया लिमिटेड की डीएम डब्लू कंपनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह सरकार और उसकी नीतियों के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर होने वाले भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से हुई मुलाकात को उन्होंने सकारात्मक बताया और कहा कि अमित शाह से मुलाकात के बाद ही सरकार ने भारतीय समाज पार्टी को एक पार्टी समझा। उन्होंने कहा कि भविष्य में जल्द ही उनकी अमित शाह से मुलाकात होगी। मुलाकात के बाद यूपी सरकार में परिवर्तन होने की संभावना है। कहा कि उनकी पार्टी के चार विधायक हैं। पूर्व में वह पूर्वांचल में सक्रिय थे पिछले एक साल से उनकी पार्टी पश्चिम भी सक्रिय है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों के बाद ही मुख्यमंत्री ने पिछड़ा, अति पिछड़ा वर्ग को अलग से आरक्षण देने के प्रस्ताव को सदन में रखा। उन्होंने इस मौके पर सरकारी की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी बखान किया। इस अवसर पर औद्योगिक इकाईयों के स्वामी, प्रबंधन, तहसीलदार इंद्र नंदन सिंह, कोतवाल गिरीश कुमार कोटिया मौजूद रहे। कंपनी निदेशक विकास देशावर ने डीलर्स कंपनी कर्मचारियों व अतिथियों का स्वागत किया।