सिकंदराबाद। जिले के खिलाड़ियों और युवाओं के लिए खुशखबरी है। गांव बिलसुरी में बनने वाले आधुनिक स्टेडियम के लिए शासन ने 10.42 करोड़ स्वीकृत कर दिए हैं। साथ ही निर्माण शुरू कराने के लिए पहली किस्त के रूप में 5.21 करोड़ की धनराशि भी अवमुक्त कर दी है।
भाजपा विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने नौ सितंबर 2024 को मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सिकंदराबाद में स्टेडियम बनवाने की मांग की थी। उन्होंने पत्र में लिखा कि पश्चिमी यूपी की सिकंदराबाद विधानसभा से अनेकों खेल प्रतिभाएं राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर चुकी हैं।
महिला क्रिकेट विश्वकप में बुलंदशहर की पार्शवी चोपड़ा व कुश्ती में अनुष्का पंडित ने देश का मान बढ़ाया है। यहां के युवा भारतीय सेना में भी बड़ी संख्या में सेवाएं दे रहे हैं लेकिन खिलाड़ियों और सेना की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।
बताया कि स्टेडियम के लिए भूमि भी खाली है। विधायक के पत्र के बाद युवा कल्याण विभाग ने प्रक्रिया तेज की और डीएम बुलंदशहर को पत्र भेजकर प्रस्ताव मांगा।
इसके बाद शासन के संयुक्त सचिव रमेश चंद्र तिवारी ने कुल 10.42 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी। लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि स्टेडियम के निर्माण की जिम्मेदारी सी एंड डीएस उप्र जल निगम को दी गई है।
शासन ने गुणवत्ता के साथ समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि लागत न बढ़े।