डेंगू बुखार से युवक की मौत
-तीन-चार से चल रहा बीमार, दिल्ली उपचार को ले जा रहे थे परिजन
-युवक की मौत से परिजनों में मचा कोहराम, क्षेत्र में कई बीमारी से ग्रस्त
पहासू। संदिग्ध डेंगू बुखार से क्षेत्र के गांव लालनेर निवासी युवक की मौत हो गई। पिछले चार दिनों से वह बुखार से पीड़ित था। दिल्ली स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गांव लालनेर निवासी विवेक (20) पुत्र महेन्द्र सिंह को चार दिन पूर्व बुखार हुआ था। परिजनों ने पहले गांव के ही निजी चिकित्सक से इलाज करवाया। कोई फायदा न होने पर परिजन विवेक को लेकर शिकारपुर स्थित अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे। हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे बुलंदशहर रेफर कर दिया। वहां से भी विवेक को दिल्ली रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक दिल्ली स्थित फोर्टिज अस्पताल में उपचार के दौरान विवेक की हालत में सुधार नहीं हुआ और तबियत बिगड़ती चली गई। उसके बाद मंगलवार दोपहर परिजन विवेक को लेकर दिल्ली स्थित पंत अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में विवेक ने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक चिकित्सक विवेक को डेंगू बुखार बता रहे थे। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पहासू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि मृतक की जांच रिपोर्ट उन्हें नहीं मिली है। जांच के बाद ही बीमारी के संबंध में स्थित स्पष्ट हो पाएगी।