खुर्जा नव दुर्गा शक्ति मंदिर में हलवे का प्रसाद वितरित करते लोग। संवाद
खुर्जा। श्री नव दुर्गा शक्ति मंदिर में बृहस्पतिवार को अष्टमी के अवसर पर माता रानी के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा की गई। इस दौरान माता रानी को लाल रंग की पोशाक धारण कराई गई। साथ ही नारियल व 1008 किलोग्राम हलवे का भोग लगाया गया। मंदिर समिति के प्रधान देवेश कौशिक ने बताया कि नवरात्र के आठवें दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ी रही। सुबह से ही मंदिर के बाहर लंबी कतार लग गई थी। व्रत संपन्न कर कुछ लोग परिवार समेत माता के दर्शन करने पहुंच रहे थे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालुओं के समूह मंदिर पहुंचे। इसी के साथ मंदिर परिसर व परिक्रमा मार्ग पर माता रानी के जयकारे गूंजते रहे। व्यवस्था में मौजूद प्रवीण भाटी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अलग-अलग कर छह कतार बनाई गईं, जिससे सभी का जल्द से जल्द नंबर आ सके। परिक्रमा मार्ग को रिक्त छोड़ा गया, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं हो। संवाद