एक बीज की दुकान का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव। स्रोत: विभाग
बुलंदशहर। किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को विभागीय अधिकारियों ने 35 खाद-बीज विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता की जांच के लिए खाद और बीज के 10 नमूने लिए गए। वहीं, अभिलेख पूरे नहीं मिलने पर चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने बताया कि जांच अभियान के दौरान दुकानों पर उपलब्ध खाद और बीज की गुणवत्ता के साथ ही स्टॉक और बिक्री से संबंधित अभिलेखों की भी जांच की गई। गुणवत्ता की पड़ताल के लिए लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट में मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच के दौरान अग्रवाल खाद भंडार औरंगाबाद, कौशिक बीज भंडार बीबीनगर, शिव कृषि समाधान केंद्र बीबीनगर और राजकुमार खाद भंडार औरंगाबाद के यहां अभिलेख पूरे नहीं मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को मानकों के अनुरूप कृषि निवेश उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। सभी खाद-बीज विक्रेताओं को गुणवत्ता मानकों का पालन करने और स्टॉक व बिक्री से संबंधित अभिलेख पूरे रखने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान आगे भी जारी रहेगा।