(03 बीडीएन-21)पोस्टमार्टम हाउस पर जानकारी देते मृतक प्रताप भान सिंह के परिजन।संवाद
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सतेती पट्टी चूरा में अप्रशिक्षित के इलाज से गांव के प्रतापभान सिंह की मौत हो गई। तबीयत खराब होने पर परिजन उन्हें दवा दिलाने के लिए गांव में ही एक अप्रशिक्षित की दुकान पर लेकर पहुंचे थे। अप्रशिक्षित ने दोनों हाथों में इंजेक्शन लगाने के बाद उन्हें घर भेज दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही आरोपी परिवार समेत गांव से भाग गया है।
शुक्रवार दोपहर 38 वर्षीय प्रतापभान सिंह पुत्र मुलायम सिंह की तबीयत बिगड़ी तो परिजन पड़ोस में ही अप्रशिक्षित युवक के यहां दवाई दिलाने ले गए। मामूली तबीयत खराब होने की वजह से उन्होंने सोचा कि गांव में ही दवा दिला दी जाए। इसके बाद अप्रशिक्षित ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाई की जगह इंजेक्शन लगाने की बात कही। इसके बाद उसने एक मिनट के ही अंतराल में प्रतापभान सिंह के दोनों हाथों में दो इंजेक्शन लगा दिए। इसके बाद कहा कि घर ले जाओ कुछ ही देर में वह सही हो जाएगा।
परिजन उसको घर लेकर पहुंचे तो कुछ ही देर में प्रतापभान सिंह की हालत बिगड़ने लगी। उल्टी के साथ ही उसके मुंह से झाग आए तो परिवार वाले घबरा गए। वे उन्हें लेकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे जहां मृत घोषित कर दिया गया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही अप्रशिक्षित परिवार समेत घर में ताला डालकर भाग गया है।
मृतक के परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर क्राइम श्यामवीर सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक पक्ष की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं आई है।
वर्जन
क्षेत्र में इलाज करने वाले अप्रशिक्षित लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है। क्षेत्र में इनकी संख्या काफी कम भी हुई है। सतेती में हुई युवक की मौत में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। - डॉ. अरविंद सिंह, एमओआईसी