बदायूं। पिछड़े वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना शुरू की गई है। इसके तहत ‘ओ’ लेवल और ट्रिपल ‘सी’ का कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रणव कुमार पाठक ने बताया कि आज से 30 अक्तूबर तक इसके लिए आवेदन किए जा सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन भरकर व अभिलेख अपलोड करने के बाद उनका प्रिंटआउट लेकर आय, जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, हाईस्कूल और इंटर के अंकपत्र की छायाप्रति लगाकर आवेदन पत्र की दो प्रतियां 30 अक्तूबर तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के कार्यालय में जमा करनी होंगी।
इसमें उन्हीं युवाओं का चयन किया जाएगा जिनके माता-पिता की वार्षिक आय एक लाख रुपये तक होगी। इसके अलावा आवेदक की उम्र 35 वर्ष से अधिक न हो। खास बात यह कि आवेदन बेरोजगार होना चाहिए, किसी भी शिक्षण संस्था से छात्रवृत्ति न ले रहा हो। साथ ही इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की हो।
ऐसे करें आवेदन
आवेदक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://www.backwardwelfareup.gov.in या कंप्यूटर प्रशिक्षण पोर्टल https://obccomputertraining.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की जिला स्तर पर जांच और सत्यापन के बाद योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। यह प्रक्रिया 25 अक्टूबर से 14 नवंबर तक पूरी की जानी है। चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 15 नवंबर से शुरू होगा।