उन्होंने आपस में शर्त रखी कि जो व्यक्ति तालाब में घुसकर इसे पार करेगा उसे पांच सौ रुपये दिए जाएंगे। इस शर्त पर चार-पांच युवकों ने अपने कपड़े उतारे और तभी दिलशाद तालाब में कूद गया, लेकिनअन्य युवक तालाब में नहीं कूदे। दिलशाद तैरना नहीं जानता था।
इसके बावजूद युवक बीच तालाब में पहुंच गया और इसके बाद वह डूबने लगा। यह देख कर साथी युवकों ने शोर मचाया। शोर-शराबा सुनकर कस्बे के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ लोग युवक को बचाने में जुट गए, लेकिन तब तक युवक गहरे पानी में डूब गया था। इसकी सूचना पर वजीरगंज इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय और फायर बिग्रेड के कर्मचारी नाव लेकर पहुंच गए। रात में ही तालाब में नाव डालकर युवक की तलाश कराई गई लेकिन सफलता नहीं मिली।
शुक्रवार सुबह फिर से उसकी तलाश शुरू करा दी गई। कड़ी मेहनत के बाद दोपहर के समय युवक का शव तालाब से निकाला जा सका। इसके बाद युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार वालों ने घटना के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है, हालांकि उन्होंने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।