बिनावर। गांव मोहम्मदनगर निवासी केंद्रपाल (35) की हरदोई में बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही उसके परिवार वाले हरदोई के लिए रवाना हो गए। युवक वहां सब्जी बेचने का काम करता था।
ग्राम मोहम्मद नगर निवासी केंद्रपाल पुत्र नत्थू सिंह पिछले आठ साल से हरदोई जिले में रह रहा था। उसकी पत्नी और तीन बच्चे गांव में रहते हैं। परिवार वालों का कहना है कि सोमवार सुबह करीब छह बजे फोन कॉल आई। उन्हें बताया गया कि केंद्रपाल की करंट लगने से मौत हो गई। रविवार को केंद्रपाल सब्जी बेचकर कमरे पर आया था। वह खाना खाकर जमीन पर सो गया। उसके नजदीक ही टेबल फैन रखा था। किसी तरह टेबल फैन गिर गया। उसमें करंट आने से युवक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह सुनकर परिवार वाले रोने-बिलखने लगे। वह तुरंत हरदोई के लिए रवाना हो गए। परिवार वालों ने बताया कि उसके शव का हरदोई जिले में पोस्टमार्टम होगा। सोमवार देर रात तक उसका शव गांव पहुंचेगा।