कादरचौक। थाना क्षेत्र में भदरौलिया ढाबा के नजदीक रविवार रात कमरुल (31) की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वह रविवार रात पैदल भदरौलिया ढाबा पर खाना खाने जा रहा था। रास्ते में किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई।
ग्राम इस्माइलपुर निवासी कमरुल पुत्र मेहराज अली पंजाब में रहकर मजदूरी कर रहा था। उसकी पत्नी और बच्चे भी पंजाब में रहते हैं। परिवार वालों के मुताबिक, कमरुल रविवार सुबह ही पंजाब से घर लौटा था। दिनभर उसने अपने घर पर काम किया। रविवार रात करीब 11 बजे कमरुल पैदल भदरौलिया ढाबे पर खाना खाने जा रहा था। इसी दौरान किसी वाहन ने उसको टक्कर मार दी। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाद में उधर से गुजर रहे लोगों ने युवक के सड़क पर पड़े होने की सूचना थाना पुलिस को दी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक की जेबों की तलाशी ली। इस दौरान उसकी जेब में आधार कार्ड रखा मिला। उसके आधार पर पुलिस ने परिवार वालों को सूचना दी, जिससे परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। रात उसका शव मोर्चरी में रखवा दिया गया था।
सोमवार दोपहर पुलिस ने मोर्चरी पहुंचकर कागजी कार्रवाई की और उसके शव का पोस्टमार्टम कराया। युवक छह भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके चार बच्चे हैं। इसकी सूचना पर युवक की पत्नी और बच्चे पंजाब से घर के लिए रवाना हो गए हैं।