बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव भोजीपुरा पावई में बृहस्पतिवार रात ट्यूबवेल में करंट लगने से 28 वर्षीय किसान लालू की मौत हो गई। युवक के परिजनाें ने शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया। उन्हाेंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव भोजीपुरा पावई निवासी लालू पुत्र परमेश्वरी खेतीबाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके परिवार वालों का कहना है कि लालू बृहस्पतिवार रात अपने खेत पर गेहूं की फसल की सिंचाई करने गया था। उसने देर रात तक गेहूं की सिंचाई की। उसके बाद ट्यूबवेल बंद करने उसकी कोठरी में पहुंचा था। बताते हैं कि ट्यूबवेल बंद करने के दौरान अचानक खुले तार पर उसका हाथ रख गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। जिससे युवक की तुरंत ही मौत हो गई।
जब वह शुक्रवार सुबह अपने घर नहीं पहुंचा तो उसका बड़ा भाई ट्यूबवेल पर पहुंचा। जब उसने ट्यूबवेल की कोठरी में देखा तो वहां लालू का शव पड़ा था। यह देखकर उसने परिवार वालों को जानकारी दी ।