फैजगंज बेहटा। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रविवार रात रोडवेज बस की टक्कर से 25 वर्षीय सचिन गुप्ता की मौत हो गई। वह रविवार रात बाइक लेकर अपने घर इस्लामनगर लौट रहे थे। तभी मुड़िया धुरेकी के नजदीक हादसा हो गया। थाना पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव अल्लैहपुर निवासी सचिन गुप्ता फैजगंज बेहटा इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में काम करते थे। परिवार वालों के मुताबिक वह रविवार रात अपनी ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे थे। वह अस्पताल से निकलकर मुड़िया धुरेकी कस्बे के नजदीक पहुंचे थे कि तभी सामने से तेज रफ्तार में आई रोडवेज बस ने उसको जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को देखकर राहगीरों ने थाना पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया।
युवक के कपड़ों की तलाशी ली गई तो उसकी जेब में आधार कार्ड रखा मिला, जिससे उसकी पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिवार वालों को सूचना दी, जिससे वह भी देर रात मौके पर पहुंच गए। हादसे के दौरान युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था। थाना पुलिस ने उसी दौरान युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार दोपहर उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया। पुलिस ने परिवार वालों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।