सहसवान। कोतवाली क्षेत्र के गांव हरदत्तपुर में शुक्रवार सुबह सरिया हाईटेंशन लाइन से छू जाने से दिनेश कुमार (28) की मौत हो गई। उधर, परिजनों ने युवक की मौत का कारण सरकारी नल में करंट आना बताया है।
ग्राम हरदत्तपुर निवासी दिनेश कुमार खेतीबाड़ी और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे उसके पड़ोस में चरन सिंह के प्लॉट में निर्माण कार्य चल रहा था। उसी दौरान मजदूर अपने घर से खाना खाकर चरन सिंह के प्लॉट पर आया था। वहां कुछ मजदूर लोहे की सरिया सीधी कर रहे थे। उन्हें देखकर दिनेश कुमार भी मदद करने में जुट गया और खुद सरिया सीधी करने लगा। जैसे ही उसने सरिया ऊपर उठाई कि वह हाईटेंशन लाइन से छू गई। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
दोपहर के समय शव का पोस्टमार्टम कराया गया। एसआई सुशील कुमार बिश्नोई ने बताया कि हाईटेंशन लाइन से सरिया टकराई थी, जिससे युवक की मौत हो गई। उसके तीन बच्चे हैं।
अभी हमारे पास इस संबंध में कोई सूचना नहीं आई है। अगर युवक के परिवार वाले कोई तहरीर देते हैं तो उसकी जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। - आरएन वर्मा, एक्सईएन विद्युत निगम
ओवरहेड टैंक के निर्माण में लगे श्रमिक की करंट लगने से मौत
शाहजहांपुर। बदायूं जिले के थाना दातागंज के गांव लहडेरी निवासी देशराज (24) करंट लगने से झुलस गए। उन्हें गंभीर हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
देशराज मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह ढाई महीने से लखीमपुर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव बरेंचा में ओवरहेड टैंक के निर्माण में मजदूरी कर रहे थे। बताते हैं कि शुक्रवार शाम देशराज सरिया उठा रहे थे, तभी सरिया का एक सिरा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया और वह झुलस गए थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। संवाद
इसी हाईटेंशन लाइन के तार से टकराई युवक का सरिया। संवाद