कुंवरगांव। कस्बे के वार्ड नंबर नौ में मंगलवार रात जीशान (26) ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सुबह उसकी बहन सोकर उठी तो शव फंदे से लटका देखा। सूचना पर पुलिस और कई रिश्तेदार पहुंच गए।
वार्ड नंबर नौ निवासी जीशान पुत्र आबिद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह किन्नरों के साथ रहता था और लोगों के घरों में जाकर बधाई देने का काम करता था। उसकी तीन बहने हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। एक बहन अविवाहित है।
मोहल्ले वालों का कहना है कि मंगलवार रात जीशान अपने घर में सोया था। बुधवार सुबह उसकी बहन सोकर उठी तो उसने युवक का शव फंदे से लटका देखा। भाई की लाश देखकर उसके होश उड़ गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के तमाम लोग आ गए। मोहल्ले वालों की सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम करा दिया, लेकिन अभी उसकी आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। एसओ रामेंद्र सिंह का कहना है कि युवक ने आत्महत्या की है। जांच की जा रही है।