बिल्सी। उझानी रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंंद्र (सीएचसी) पर अक्सर बिजली ठप रहने के कारण यहां एक्स-रे के लिए आने वाले मरीजों को खासी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। कई-कई घंटों उन्हें इसके लिए इंतजार करना पड़ता है। शुक्रवार को भी यही स्थिति रही, जिस कारण तमाम मरीज लौट गए।
बिजली गुल रहने से सीएचसी की एक्स-रे मशीन शोपीस बनी रहती है। बिजली आपूर्ति बाधित होने पर यहां जनरेटर चालू नहीं कराया जाता है। शुक्रवार को यहां एक्स-रे कराने आए बेहटा गुंसाई, खौंसारा, गुधनी, अंबियापुर एवं बिल्सी नगर के लोगों ने बताया वह सुबह 10 बजे अपना एक्स-रे कराने के लिए सरकारी अस्पताल को आए।
यहां तैनात एक्स-रे टेक्नीशियन ब्रजेश कुमार ने उन्हें बताया कि अस्पताल में अभी बिजली नहीं आ रही है, जिसके कारण एक्स-रे अभी नहीं हो सकते है। इसके लिए बिजली आने का इंतजार करना होगा। लोगों का कहना है कि अक्सर यहां दोपहर बाद ही विद्युत आपूर्ति आ पाती है, तब कहीं मरीजों के एक्स-रे हो पाते है।
कभी-कभी मरीज इंतजार करने के बाद अन्य अस्पताल के लिए चले जाते है। इसके अलावा कई माह से यहां एक्स-रे करने के बाद फिल्म को नहीं दिया जा रहा है। जिससे लोगों को और भी ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।