उझानी (बदायूं)। बदायूं रोड पर ट्रक से बजरी खाली करते समय फावड़ा हाईटेंशन लाइन से छू जाने पर मजदूर निजाकत झुलस गया। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
निजाकत (30) रामपुर के शाहबाद कस्बे में नाला पार इलाके में रहने वाले सलामत के पुत्र थे। वह ड्राइवर के साथ रहकार बालू और बजरी अनलोड करने का काम करते थे। जिरौली निवासी व्यक्ति के बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर रविवार सुबह करीब नौ बजे ट्रक से बजरी अनलोड करने लगे। तभी लोहे का फाबड़ा हाईटेंशन लाइन को छू गया। करंट से उनके दोनों हाथ और बाल झुलस गए। ट्रक पर दो मजदूर और भी थे, लेकिन कूदकर भाग खड़े हुए।
दुकानदार ने उपकेंद्र पर फोन करके सप्लाई बंद कराई। ड्राइवर समेत दुकानदार उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज भी पहुंच गए, लेकिन निजाकत की रास्ते में ही मौत हो चुकी थी। इसे लेकर आसपास इलाके में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि निजाकत के परिजनों को सूचना दे दी है। परिवार के लोग पोस्टमार्टम से पहले ही जिला मुख्यालय पर पहुंच गए। ट्रक का चालक भी मृत मजदूर से परिचित है।