दातागंज। युवक की निर्ममता पूर्वक की गई पिटाई के मामले में आरोपियों के परिजन युवती के साथ शुक्रवार को एसएसपी से मिले। युवती ने अरशद पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। एसएसपी ने सीओ दातागंज को जांच कर रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
कोतवाली दातागंज इलाके के मोहल्ला नालापार निवासी अरशद को मंगलवार रात एक घर में बंधक बना लिया गया था। इसके बाद परिजनों ने उसके हाथ बांध लिए और पिटाई शुरू कर दी। रातभर उसे घर में बंद करके पीटा गया। मुंह पर कालिख पोती गई। सुबह होने के बाद डायल 112 पुलिस को घर में चोर पकड़ने की सूचना दी गई।
शुक्रवार को आरोपी के परिजन युवती के साथ एसएसपी से मिले और उन्हें बताया कि अरशद उनकी बेटी से बात करता था। परिजनों के समझाने के बाद भी वह नहीं माना और छत के रास्ते मंगलवार की रात घर में घुस आया। अरशद युवती के साथ था। परिजन ने उसे देख लिया और पकड़ लिया। युवती ने एसएसपी को बताया कि अरशद ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद एसएसपी ने सीओ दातागंज को मामले की जांच सौंपते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। इससे पहले आरोपी पक्ष की महिलाएं इकट्ठा होकर दातागंज कोतवाली गई थीं। यहां खुद को निर्दोष बताने लगीं। लेकिन पुलिस ने हमलावरों को कोई राहत न देने की बात कहते हुए उन्हें वापस भेज दिया।
परिवार की तरफ से शिकायती पत्र मिला है। सीओ दातागंज को जांच सौंपी गई है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी। -डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, एसएसपी