उझानी। गांव हरहरपुर और देवरमई के बीच बुधवार शाम रेलवे पटरी के पास बकरी चराने गई महिला बकरी को बचाने के प्रयास में खुद ट्रेन की चपेट में आ गई।
हरहरपुर निवासी श्रीराम की पत्नी आरती (50) शाम करीब 4 बजे रेलवे पटरी के पास बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान एक बकरी पटरी पर चली गई। महिला बकरी को बचाने के लिए पटरी की ओर गई, तभी वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला के सीधे पैर की हड्डी टूट गई। इसी ट्रेन में सफर कर रहे आरपीएफ के उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार ने हादसा देखा तो तत्काल मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने घायल महिला को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। संवाद