उघैती शर्की में महिला की मौत के बाद मौके पर छानबीन करती पुलिस व फॉरेंसिक टीम। संवाद
उघैती। कस्बे में बुधवार शाम 30 वर्षीय उर्मिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मोहल्ले वालों के मुताबिक एक दिन पहले ही पति राकेश उर्मिला को ससुराल से विदा कराके लाया था। वह करीब तीन माह से अपने मायके में थीं। उनका मायका बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव ढढूमर में है। उमिला की राकेश से करीब 12 साल पहले शादी हुई थी, लेकिन उनके कोई बच्चा नहीं है।
बताते हैं कि बुधवार शाम उनकी अचानक हालत बिगड़ गई। ससुराल वाले उन्हें डॉक्टर के पास ले गए, जहां से उन्हें चंदौसी रेफर कर दिया गया। देर शाम उनकी मौत हो गई। चर्चा है कि उर्मिला ने जहर खाया था। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। इसके बाद ही कोई कार्रवाई होगी। संवाद