दातागंज। नगर के मोहल्ला अरेला में बुखार और डेंगू ने पैर पसार लिए हैं। एक महिला की बरेली के निजी अस्पताल में डेंगू से मौत हो गई। एक अन्य महिला का बरेली के अस्पताल में इलाज चल रहा है। मोहल्ले में 20 से ज्यादा लोग बीमार हैं। इनमें एक ही परिवार के छह लोगों को निजी लैब ने डेंगू की पुष्टि की है। यह लोग निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।
मोहल्ला अरेला में कई दिन से बुखार का प्रकोप बना हुआ है। चार दिन पहले मोहल्ले के श्यामपाल की 45 वर्षीय पत्नी गुड्डी को बुखार आया तो उन्होंने निजी लैब में जांच कराई। यहां उनको डेंगू बताया गया। स्थानीय स्तर पर निजी डॉक्टर के यहां इलाज कराया, लेकिन फायदा नहीं हुआ। परिवार वालों ने गुड्डी को बरेली के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार रात उनकी मौत हो गई। गुड्डी के परिवार में पति श्यामपाल और बेटा सुमित को भी बुखार है। मोहल्ले के ही मनोज, अजय, विजय, उदय, अभय और साक्षी को भी निजी लैब ने डेंगू की पुष्टि की है। रिषिपाल के परिवार में भी पांच लोग बुखार की चपेट में हैं।
किसी मौत की सूचना नहीं है। अरेला मोहल्ले में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों की जांच कराई जाएगी। सामान्य बुखार में भी प्लेटलेट्स कम हो जाती हैं। मच्छरजनित बीमारियों के प्रति सावधानी बरतने की जरूरत है। निजी लैबों के स्थान पर सरकारी अस्पतालों में एलाइजा जांच कराएं। -डॉ. रिदेश भसीन, एमओआईसी दातागंज
डेंगू के आठ, दो मलेरिया और 910 मरीज बुखार के मिले
बदायूं। बुधवार को भी जिले में डेंगू के आठ और मलेरिया के दो मरीज मिले हैं। इनमें एक मरीज फैल्सीपेरम मलेरिया का भी है। बुखार के भी 910 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य और मलेरिया विभाग ने बुधवार को जिले में 817 लोगों की एलाइजा जांच कराई। अंबियापुर के सिरसोली, उझानी के अहिर टोला, वजीरगंज के जखौली, अलापुर, ककराला और शहर के मोहल्ला सोथा में डेंगू के मरीज मिले हैं।
बुधवार को जिले में मलेरिया विभाग की 25 टीमों ने 268 घरों में लार्वा तलाश किया। 50 घरों में मच्छरों का लार्वा पाया गया। ननाखेड़ा, उरैना, उनौला, गुधनी, लखनपुर गांवों में विशेष अभियान चलाकर दवाओं का छिड़काव कराया गया। 22 स्थानों पर हेल्थ कैंप लगाए। बुखार के रोगियों की मलेरिया जांच कराने पर दो मरीज मलेरिया के निकले। एक मरीज को जानलेवा फैल्सीपेरम की भी पुष्टि हुई है। नोडल अधिकारी संक्रामक रोग सेल डॉ. तहसीन ने बताया कि डेंगू का प्रकोप धीरे-धीरे कम हो रहा है। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 35 पर आ गई है।
फमजदा मृतका गुड्डी के परिवार वाले और संबंधी। संवाद- फोटो : BADAUN