बदायूं। पत्नी रिश्ते के चचेरे भाई के साथ चली गई तो पति ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पत्नी के जाने के बाद से ही युवक अवसाद में था।
उसावां थाना क्षेत्र के गांव असधर मई निवासी जगमोहन (21) की तीन साल पहले दिल्ली के सीलमपुर निवासी एक युवती से शादी हुई थी। जगमोहन मुंबई में मेहनत मजदूरी करता है। पत्नी अधिकतर मायके में ही रहा करती थी। वह 10 अगस्त को मुंबई से दिल्ली पहुंचा तो पत्नी का स्वभाव बदला-बदला सा लगा।
दो दिन बाद 12 अगस्त को पत्नी रिश्ते के चचेरे भाई के साथ प्रेम प्रसंग के चलते चली गई। सूचना पर गांव से अन्य परिजन दिल्ली पहुंच गए। जगमोहन को वह अपने साथ गांव बुला लाए। पत्नी के जाने के बाद से ही वह अवसाद में था। रविवार सुबह चार बजे उसका शव घर के पास खड़े पीपल के पेड़ पर लटका मिला।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन का कहना है कि घटना के लिए जगमोहन की पत्नी जिम्मेदार है। पत्नी के चचेरे भाई के साथ चले जाने के बाद से जगमोहन काफी गुमसुम रहने लगा था। घर से भी कम निकलता था। शनिवार रात वह खाना खाकर घर पर सोया था। घर से वह कब निकल गया किसी को पता ही नहीं चला।