सड़क की मरम्मत के कार्य में बरती जा रही लापरवाही को लेकर सड़क पर बैठे चेयरमेन पति ओमप्रकाश सागर
बिल्सी। मुख्य बाजार से होकर गुजर रहे बिजनौर-बदायूं हाईवे को गड्ढा मुक्त किया जा रहा है। इसमें कई अनियमिताएं बरती जा रही हैं। बृहस्पतिवार को नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानदेवी सागर के पति ओमप्रकाश सागर मानक के अनुसार कार्य न करने का आरोप लगाते हुए हाईवे पर मोहल्ला नंबर आठ स्थित शिवमंदिर के सामने सड़क पर बैठ गए।
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण कई सड़कें टूट गई हैं। इनमें गड्ढे हो गए। इसके कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। फिलहाल गड्ढों को भरा जा रहा है। कुछ गड्ढों को नहीं भरा जा रहा था और अनियमिताएं बरती जा रही थी। इसको लेकर आसपास के लोगों ने उनसे शिकायत की। इसके बाद वह पहुंचे और वह सही से गड्ढे न भरने का आरोप लगाते हुए सड़क पर बैठ गए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार ने गड्ढों को सही से भरवाया। संवाद