बदायूं। खेत में खड़े उर्द की फसल की रखवाली करना, खेत स्वामी को महंगा पड़ गया। मामला उसावां थाना क्षेत्र के गांव रिठिया का है।
बात बुधवार दोपहर की है जब रिठिया निवासी जाबिर अपने खेत में खड़े उर्द की फसल की रखवाली कर रहे थे। उसी समय गांव के ही झालू उर्फ अहमद नवी बकरियों को चराने पहुंचे। खेत में घुसकर बकरियां जाबिर के उर्द को चरने लगीं। मना करने पर जाबिर और अहमद नवी में मारपीट होने लगी।
किसी ने गांव आकर जाबिर के बेटे आरिफ को इसकी जानकारी दे दी। वहीं झालू के भाई आलेनवी को भी जानकारी मिल गई। जहां दोनों तरफ से लोग पहुंच गए। खेत स्वामी के बेटे आरिफ के पेट में आलेनवी ने भाला घोंप दिया। भाला लगते ही गांव से भगदड़ मच गई। घायल आरिफ को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। डाॅक्टरों ने मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया। देर रात करीब नौ बजे उसको हायर सेंटर रेफर किया गया है। हालत चिंता जनक बनी हुई है। थानाध्यक्ष मानबहादुर सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल को हायर सेंटर भेजा गया है। संवाद