उघैती में नाले में फंसा स्कूल की बस का टायर। संवाद
उघैती। बच्चों को लेकर जा रही स्कूल बस पलटने से बाल-बाल बच गई। बच्चों की चीख पुकार पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव वालों ने बमुश्किल बस के पहिये को नाले से निकलवाया।
हादसा उघैती कस्बे में बुधवार सुबह करीब नौ बजे हुआ। यहां एक कान्वेंट स्कूल की बस बच्चों को लेने कस्बे में आई थी। अचानक चालक संतुलन खो बैठा। इस कारण बस का पिछला एक पहिया नाले में चला गया। बस तिरछी होकर नाले में फंस गई। घटना के दौरान बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। गांव वाले मौके पर पहुंचे और सकुशल बच्चों को नीचे उतरवाया। वहीं, चालक पर गलत तरीके से बस चलाने का आरोप लगाकर नाराजगी जताई।
थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने बताया कि ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में बस का एक पहिया नाली में उतर गया था। किसी बच्चे को कोई चोट नहीं आई है। बस को निकलवाकर भेज दिया गया। चालक को बस ध्यान से चलाने की हिदायत दी गई है।