सबसे ज्यादा 180 क्रय केंद्र पीसीएफ के, अब तक बारदाना भी नहीं पहुंचा
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। गेहूं खरीद शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। इसके लिए जिले में 136 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। गेहूं बेचने के लिए अब तक जिले में 1,300 से ज्यादा किसान ऑनलाइन पंजीकरण करा चुके हैं। 100 क्विंतल से ज्यादा गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराने वाले किसानों का सत्यापन किया जा रहा है।
पिछले साल भी जिले में 136 क्रय केंद्र बनाए गए थे। जिले के 136 सरकारी क्रय केंद्र में 12.5 लाख क्विंतल खरीद का लक्ष्य दिया गया । लक्ष्य के सापेक्ष 1.9 फीसदी की खरीद हो सकी। गेहूं खरीद के लिए क्रय केंद्रों पर अब तक बारदाना नहीं पहुंचा है साथ ही अब तक खरीद लक्ष्य भी तय नहीं किया गया है। हालांकि, नियमों में बदलाव करते हुए बटाईदार किसानों को भी क्रय केंद्रों पर मौका दिया गया है। इस साल जिले में पीसीएफ के 180, यूपीएसएस के 23, मार्केंटिंग के 17 और एफसीआई के छह क्रय केंद्र बनाए गए हैं। जिला खाद्य व विपणन अधिकारी अतुल कुमार वशिष्ठ ने बताया कि सभी क्रय केंद्रों पर प्रभारी तैनात कर दिए गए हैं। बारदाना भी पहुंचाया जा रहा है। अगर कोई किसान गेहूं बेचने आता है तो उसको इंतजार नहीं करना पड़ेगा।