मूसाझाग। क्षेत्र के गांव चिंजरी के जंगल में पुलिस ने छापा मारकर अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ ली। असलहा बनाते हुए एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यहां से बने, अधबने असलहे और असलहा बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मूसाझाग पुलिस को सूचना मिली कि चिंजरी के जंगल में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी चल रही है। एसओ ललित भाटी, एसआई नंदन बिष्ट, सुनील कुमार समेत पुलिस टीम के साथ उन्होंने यहां छापा मारा। घेराबंदी कर यहां से चिंजरी निवासी वीरेश पुत्र राजाराम को गिरफ्तार कर लिया। वह अवैध शस्त्र बना रहा था। मौके से पुलिस ने एक तमंचा देसी 315 बोर, एक तमंचा देसी 12 बोर, एक बंदूक 12 बोर, 10 कारतूस 12 बोर, चार कारतूस 315 बोर,अधबने सात तमंचे, शस्त्र बनाने के उपकरण आदि सामान बरामद किया है। एसओ ललित भाटी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वीरेश के खिलाफ शस्त्र फैक्टरी चलाने समेत पहले से कई मामले दर्ज हैं।