दो पक्षों में बीच बचाव करते वक्त कर दी गई थी श्रीपाल की हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव ढडूमर में दो पक्षों में हो रहे विवाद में बीच-बचाव करते वक्त मौत के शिकार हुए श्रीपाल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सभी को चौंका दिया है। श्रीपाल की पीट-पीटकर हत्या की बात सामने आ रही थी और पुलिस भी उसी दिशा में जांच कर रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्टअटैक बताई गई है।
बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव ढडूमर में अपने साले के बेटे के शादी समारोह में शामिल होने गए श्रीपाल की उस वक्त मौत हुई थी, जब श्रीपाल के साढ़ू रोशनलाल का विवाद उसके भाई रक्षपाल, भतीजे राजपाल, महीपाल, उदयपाल से हो रहा था। श्रीपाल की मौत के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि बीच-बचाव करते समय श्रीपाल की पीट पीटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
इसके बाद मृतक के पुत्र राजेश ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्टअटैक से पुष्ट की गई तो पुलिस की भी जांच की दिशा बदल गई।
इस संबंध में एसएचओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हार्टअटैक आई है, इसलिए मामले की विवेचना की जा रही है। उसके बाद ही कार्रवाई होगी। संवाद