बदायूं। जिला विकास अधिकारी स्वेतांक पांडेय ने सोमवार शाम दहगवां ब्लॉक के ग्राम विकास अधिकारी सुरेश चंद्र और जगत ब्लॉक के कनिष्ठ सहायक राजकुमार को निलंबित कर दिया है। दोनों पर शराब पीकर ड्यूटी आने का आरोप है। उनकी तमाम शिकायतें थीं। साथी ही ग्राम विकास अधिकारी एक डाटा एंट्री ऑपरेटर का नियम विपरीत चयन कर लिया था। इससे दोनों पर कार्रवाई की गई है।
ग्राम विकास अधिकारी सुरेश चंद्र दहगवां ब्लॉक के दानपुर गांव पर तैनात थे। उनका खंड विकास अधिकारी के साथ व्यवहार ठीक नहीं था। वह रोजाना शराब पीकर आते थे और गालीगलौज करते थे। प्रधानमंत्री आवास के मामले में भी उन्होंने कई लाभार्थियों से रुपये मांगे थे। इसके अलावा ग्राम पंचायत कोठा में पंचायत सहायक कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के चयन में गड़बड़ी की। जांचों के आधार पर सोमवार देर शाम सुरेश चंद्र को निलंबित कर दिया गया। वहीं जगत ब्लॉक में तैनात कनिष्ठ सहायक राजकुमार के खिलाफ भी शराब पीकर कार्यालय आना, अक्सर ड्यूटी से गायब रहना, कार्य नहीं करना, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना समेत कई आरोप थे। इससे कनिष्ठ सहायक राजकुमार को भी निलंबित किया गया है।
- कनिष्ठ सहायक और ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ कई शिकायतें थीं। जांच में दोनों दोषी पाए गए। इससे दोनों को निलंबित कर दिया गया है। - स्वेतांक पांडेय, जिला विकास अधिकारी