दातागंज (बदायूं)। कोतवाली इलाके में इस समय घर पर पथराव करने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो छेड़खानी के मामले में लड़की के घर पर पथराव करने का है। हालांकि कोतवाली पुलिस आरोपी को तीन दिन पहले जेल भेज चुकी है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की एक किशोरी ने अपने गांव के युवक पर रास्ते में हाथ पकड़कर छेड़खानी करने और मारपीट का आरोप लगाया था। इसके बाद लड़की के परिवार वालों ने युवक को पकड़कर जमकर पीटा था। बाद में कोतवाली जाकर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
इससे युवक बौखला गया था। उसने अपनी छत पर चढ़कर लड़की के घर पर पथराव कर दिया था। इसी दौरान किसी ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। तब से यह वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तीन दिन पहले पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। बताते हैं कि घर पर पथराव करने का वीडियो सोशल मीडिया पर अब 16 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं।