सिलहरी। एक ही रात में 16 नलकूपों से कीमती सामान चोरी कर लिए गए। इससे पहले किसान परेशान हैं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव भगवतीपुर निवासी रघुवीर यादव, धर्मेंद्र सिंह, बेचे सिंह, किशन लाल यादव, लाल बहादुर, आवेश सिंह, पप्पू, जसवीर आदि 16 लोगों के नलकूपों से चोरी हुई है। बताया कि बीती रात चोरों ने नकब लगाकर व ताले तोड़कर नलकूपों में लगे मोटर, स्टार्टर, केबल हेल्पर आदि उपकरण चोरी कर ले गए। इससे सिंचाई व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। किसानों का कहना है कि आसपास गांव शिकारपुर, दहेमी, सलारपुर आदि गांवों में करीब सौ किसानों के नलकूपों से चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। पुलिस ने आजतक एक भी चोरी की घटना का खुलासा नहीं किया है। इससे किसानों में रोष है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि नलकूपों में चोरियां के खुलासा के लिए चौकी प्रभारी को लगाया गया है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर चोरों को जेल भेजा जाएगा।