बदायूं। जिला अस्पताल में मरीज की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने नर्स पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर अस्पताल प्रबंधन ने समझाकर मृतक के परिजनों को शांत किया।
कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव इस्माइलपुर निवासी 60 वर्षीय शाहिद अली के परिजन शुक्रवार को उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाए थे। शाहिद अली को सांस की बीमारी थी। समस्या बढ़ने पर निजी चिकित्सक ने जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। सोमवार सुबह उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दोपहर करीब एक बजे नर्स ने उन्हें इंजेक्शन लगाया था, इसके बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
कुछ ही देर में शाहिद अली की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने नर्स पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। काफी देर तक परिजन हंगामा करते रहे। बाद में समझाने पर वह शांत हुए।
हंगामे के दौरान अस्पताल में अफरातफरी का माहौल रहा और स्टाफ भी वहां से भाग गया। इस संबंध में प्रभारी सीएमएस डॉ. कप्तान सिंह ने बताया कि हंगामे की सूचना मिली थी। परिजनों को समझाया गया तो वे शांत हो गए। नर्स पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। परिजन लिखित शिकायत करते हैं तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।