बदायूं। आगरा में जीव विज्ञान का प्रश्नपत्र वायरल होने के बाद बोर्ड और सख्त हो गया है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अब एक मोबाइल रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि परीक्षा के दौरान अगर कोई बात करनी है तो वह सीसीटीवी कैमरे के सामने करेगा।
यूपी बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए शासन लगातार अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहा है। उसी के अनुसार परीक्षाएं कराई जा रही है, लेकिन शिक्षा विभाग में जड़ जमाए बैठे माफिया ने आगरा में परीक्षा के दौरान जीव विज्ञान का प्रश्नपत्र वायरल कर सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। जिसके बाद में माध्यमिक शिक्षा परिषद सचिव ने डीआईओएस को निर्देश दिए कि वह इस बात का ध्यान रखें कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अब केवल एक ही मोबाइल फोन रहे और यह फोन स्टेटिक और केंद्र व्यवस्थापक दोनों में से एक के पास रहेगा। इस फोन के माध्यम से दोनों लोग अधिकारियाें से बात कर सकें। इसके साथ ही फोन से जो भी बात की जाएगी, साथ ही जो भी गतिविधि होगी, वह सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। इस संबंध में डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने सभी केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट समेत संबंधित अधिकारी को दिशा-निर्देश दिए हैं।