बदायूं। माध्यमिक शिक्षा परिषद की मंडलीय स्तरीय क्रिकेट अंडर-19 प्रतियोगिता बदायूं में होगी। इसके लिए वजीरगंज के मुन्ना लाल इंटर कॉलेज का चयन किया गया। प्रतियोगिता 30 सितंबर से शुरू होगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देश पर 68वीं मंडलीय स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत बैडमिंटन, कबड्डी, हॉकी, भारत्तोलन, क्रिकेट आदि प्रतियोगिताएं होंगी। वजीरगंज के मुन्ना लाल इंटर कॉलेज का चयन होने के बाद में कॉलेज प्रशासन अपने स्तर से तैयारी करने में लग गया है, ताकि जब मंडल स्तरीय टीम आए तो उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि संबंधित कॉलेज को जानकारी दे दी है, ताकि 30 सितंबर को होने वाली प्रतियोगिता में बाहर से आने वाले जनपदों की टीम को कोई दिक्कत न हो। वहीं अडंर-14 प्रतियोगिता पीलीभीत में होगी, जबकि अंडर-17 प्रतियोगिता बरेली में आयोजित की जाएगी।