उझानी। एमजीपी कॉलेज के सेवानिवृत प्रवक्ता रघुवीर शरण माहेश्वरी के तालाबंद मकान में चोरी के बाद शुक्रवार रात पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ के लिए कई स्थानों पर दबिश दी। दो युवकों को दबोच भी लिया गया। पूछताछ के दौरान उनसे कोई सुराग नहीं मिला है।
बाजारकलां मोहल्ला निवासी सेवानिवृत प्रवक्ता रघुवीर शरण माहेश्वरी के मकान में हुई चोरी की घटना का पड़ोसियों को शुक्रवार सुबह पता लगा था। इसके बाद उनके दामाद गौरव बाबू माहेश्वरी और बेटी करुणा मौके पर पहुंचे थे। दामाद की ओर से ही करीब डेढ़ सौ ग्राम वजन के सोने के जेवरात और दो लाख रुपये की चोरी की अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
घटना के बाद से वर्कआउट में जुटे पुलिस कर्मियों ने शुक्रवार रात में दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पास में लगे एक घर के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी चेक की है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया जाएगा। इसके लिए एक दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से लगाया गया है।
चोरी बृहस्पतिवार रात हुई या पहले
एमजीपी कॉलेज के सेेवानिवृत प्रवक्ता रघुवीर शरण माहेश्वरी आठ-नौ दिन पहले घर में ताला डालकर वृंदावन गए थे। पड़ोसियों की नजर बृहस्पतिवार सुबह उनके जीना के दरवाजे पर पड़ी तो माहेश्वरी को फोन कर अवगत कराया। पड़ोसी छत पर गए ही बृहस्पतिवार सुबह में थे, ऐसे में अभी यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि घटना बृहस्पतिवार रात में ही हुई है। हो सकता है कि चोरों ने इससे पहले ही घर खंगाल लिया हो। सेवानिवृत प्रवक्ता के दामाद गौरव बाबू माहेश्वरी भी इस बात से इंकार नहीं कर रहे हैं। अब सेवानिवृत प्रवक्ता भी वृंदावन से लौट चुके हैं।