मृतक जगदीश का फाइल फोटो। सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत के साथ लगाएं
बदायूं। जिले में सड़क हादसों में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसेे दातागंज कोतवाली क्षेत्र में बेलाडांडी पुल और कादरचौक क्षेत्र में गांव रीवा के पास हुए। मृतकों में एक युवक कासगंज का रहने वाला था।
कादरचौक। कासगंज के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव हैबतपुर निवासी मोहरपाल सोमवार शाम बाइक से अपने ममेरे भाई राजकुमार की शादी में शामिल होने कादरचौक के गांव खिरिया बाकरपुर आए थे। उनके परिवार के बाकी लोग बस से खिरिया बाकरपुर पहुंचे थे। रात करीब एक बजे दावत खाकर मोहरपाल अपने घर लौट रहे थे। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
जब वह गांव रेवा के नजदीक पहुंचे तभी किसी वाहन से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में मोहरपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान होने पर परिजनों को सूचना दी। इस पर कुछ रिश्तेदार रात में ही मौके पर पहुंच गए। परिजन सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चला है।
दातागंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव हासिमपुर निवासी जगदीश और उनके छोटे भाई राजवीर गोरखपुर में बाइक पर अचार बेचने का काम करते थे। दोनों भाई मंगलवार सुबह करीब सात बजे गोरखपुर से घर लौट रहे थे। बाइक जगदीश चला रहे थे। वह हेलमेट भी लगाए थे। बाइक दातागंज कोतवाली क्षेत्र में बेलाडांडी पुल पर पहुंची, तभी कोहरा होने की वजह से ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां से गंभीर हालत में जगदीश को बरेली रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। राजवीर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहरपाल की पत्नी ने दिया बेटी को जन्म
कासगंज के गांव हैबतपुर निवासी मोहरपाल खेतीबाड़ी करते थे। वह अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। रात करीब एक बजे हादसे में मोहरपाल की जान चली गई। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को उनका शव गांव पहुंच पाता उससे पहले ही दोपहर करीब एक बजे उनकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। मोहरपाल की बड़ी बेटी करीब तीन साल की है। उनके कोई बेटा नहीं है।
मृतक जगदीश का फाइल फोटो। सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत के साथ लगाएं