महिलाओं के परिजनों ने कार चला रहे युवक को पीटा
उझानी। गौतमपुरी मोहल्ले में रिश्तेदार की कार चलाना एक युवक को महंगा पड़ गया। बेकाबू कार की चपेट में आईं दोनों महिलाओं के परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई की। बाद में युवक ने दोनों महिलाओं का इलाज कराया, तब मामला शांत हुआ।
हादसा बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे हुआ। गौतमपुरी मोहल्ले में कासगंज जिले से एक व्यक्ति भैयादूज कराने निजी कार से आया था। कार उसने दरवाजे पर खड़ी कर दी। इसी दौरान रिश्तेदार का बेटा अंदर से चाबी ले आया और कार स्टार्ट कर चल पड़ा। वह ठीक से कार चलाना भी नहीं जानता था। इससे कार बेकाबू हो गई और पड़ोस में दरवाजे पर बैठीं अनीसा (50) पत्नी हसन और अकबरी (60) पत्नी महबूब कार की चपेट में आ गईं। कार का पहिया उनके पैरों से उतर गया। शोरगुल पर जुटे मोहल्ले के लोगों ने युवक को मौके पर ही दबोच लिया। उसकी पिटाई भी की। आवाज सुनकर घर से बाहर निकले कार मालिक रिश्तेदार को भी घेर लिया गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने महिलाओं का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया। बाद में दोनों पक्ष के पैरोकार ने सुलह की कोशिश शुरू कर दी।