बदायूं। कोरोना संक्रमण से बचाव को चल रहे लॉकडाउन में भी मंगलवार को उझानी में कुछेक दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों पर पहुंच गए। एक ने तो बाकायदा फड़ डालकर इलेक्ट्रानिक कांटा भी लगा लिया। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने फुटकर में अनाज के खरीदार समेत दो दुकानदारों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें कोतवाली से जमानत दे दी गई। इसके अलावा पुलिस ने बेवजह घूमते युवकों की 11 बाइकें सीज कर दीं।
लॉकडाउन तोड़ने का पहला मामला पुरानी अनाज मंडी का है। मोहल्ला भदवारगंज निवासी आनंद पुरानी अनाज मंडी में फड़ डालकर फुटकर में अनाज की खरीदारी करता है। वह पूर्वाह्न में गेहूं समेत अनाज की खरीद के लिए बैठ गया। पुरानी मंडी के किसी व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर दिया। पुलिस ने इलेक्ट्रानिक कांटा कब्जे में लेकर उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा कछला रोड बाजार में साहूकारा मोहल्ला निवासी दुकानदार गौरव को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गौरव ने बताया कि वह दुकान की सफाई करने के लिए पहुंचा था, उसी समय पकड़ लिया गया।
दरोगा शिवेंद्र भदौरिया ने बताया कि दोनों दुकानदारों के खिलाफ धारा- 188, 269 और 270 के तहत कार्रवाई की गई है। घंटाघर चौराहे पर दरोगा जितेंद्र सक्सेना ने बेवजह घूम रहे बाइक सवार युवकों को दबोच लिया। युवकों को तो छोड़ दिया गया लेकिन उनकी 11 बाइकें सीज कर दी गई हैं। बता दें कि कोतवाली पुलिस अब तक नो दुकानदारों के खिलाफ लॉकडाउन में प्रतिष्ठान खोलने पर कार्रवाई कर चुकी है।