बदायूं। बिसौली तहसील क्षेत्र में निकले दोनों कोरोना पॉजिटिव मरीजों को रात में ही बरेली के बिथरी चैनपुर के कोविड-19 हॉस्पिटल भेज दिया गया। उनकी रिपोर्ट रात करीब साढ़े आठ बजे आई थी। उसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उनके गांव पहुंच गए। रात में ही एंबुलेंस की व्यवस्था कराई गई। फिर उन्हें पूर्ण एहतियात के साथ बरेली भेज दिया गया। इनमें एक कोरोना पॉजिटिव मरीज बिसौली तहसील क्षेत्र के ग्राम शहडोली निवासी है। जबकि दूसरा मरीज दूंगों की रहने वाली है। ये दोनों मरीज मुंबई से लौटे अपने परिवार के संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए थे। इनके परिवार के एक-एक व्यक्ति 21 मई को कोरोना पॉजिटिव निकला था। जब उनकी हिस्ट्री खंगाली गई तो दूसरे दिन उनके सैंपल लेकर जांच को भेजे गए। 27 मई की रात दोनों की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई। शहडोली निवासी युवक का भाई संक्रमित निकला जबकि दूंगों निवासी युवक की भाभी पॉजिटिव पाई गई। जैसे ही रात उनकी रिपोर्ट आई कि एसडीएम बिसौली सीपी सरोज, सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर और स्वास्थ्य विभाग की टीम एक-एक करके दोनों गांव पहुंच गई। दोनों मरीज होम क्वारंटीन थे। उन्हें एंबुलेंस से सीधे बरेली के बिथरी चैनपुर हॉस्पिटल भेज दिया गया।
पॉजिटिव मरीजों की हिस्ट्री खंगालना शुरू :
बिसौली तहसील क्षेत्र में 27 मई की रात निकले दोनों कोरोना पॉजिटिव मरीजों की हिस्ट्री खंगालनी शुरू कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक उनके परिवार वालों को पहले ही बता दिया गया था कि वह सावधानी बरतें। परिवार में भी दूरी बनाएं रखें, जिससे संक्रमण से बचा जा सके। हालांकि उनके परिवार पहले से होम क्वारंटीन हैं। इसके बावजूद उनकी हिस्ट्री खंगाली जा रही है।