- ढाई घंटे बाद ईओ व स्थानीय लोगों ने बमुश्किल बाहर निकाला
-ईओ ने कहा- पेंट के दौरान थिनर के संपर्क में आने से हालत बिगड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
इस्लामनगर (बदायूं)। रविवार शाम इस्लामनगर कस्बे में ओवरहैड टैंक में पेंट करने के दौरान दो मजदूर बेहोश हो गए। करीब ढाई घंटे बाद दोनों मजदूरों को बाहर निकाला जा सका। उन्हें रुदायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है। ईओ ने बताया कि दोनों मजदूर पेंट में थिनर मिलाने के दौरान उसके संपर्क में आने से बेहोश हुए।
कस्बे के मोहल्ला टंकी मोहल्ला स्थित ओवरहैड टैंक में राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के तहत सफाई कराई जा रही है। रविवार को ठेकेदार मुशाहिद ओवरहैड टैंक में पेेंट करवा रहा था। इसके लिए चार मजदूर लगाए थे। इनमें मोहल्ला पछाया निवासी आमिर (30) और फिरोजाबाद निवासी नाजिम (28) सफाई करने के बाद रविवार शाम करीब चार बजे पेंट करने के लिए ओवरहैड टैंक में घुसे।
उन्होंने कुछ देर ही पेंट किया था कि बेहोश हो गए। टैंक के ऊपर मौजूद मजदूरों ने जब उन्हें आवाज लगाई तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इससे टैंक के ऊपर मजदूर घबरा गए। उन्होंने तुरंत नगर पंचायत के ईओ सलिल भारद्वाज को सूचना दी, जिससे वह मौके पर पहुंच गए। तब तक मौके पर तमाम लोग जमा हो गए और दोनों मजदूरों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी गई।
बताते हैं कि उन्होंने कुछ लोगों को टैंक में घुसाया लेकिन उनकी हालत भी पेंट की गंध से बिगड़ने लगी। इससे वह तुरंत बाहर निकल आए। यह देखकर नजदीक में रहने वाले राजमिस्त्री दिलशाद भी पहुंच गए। वह हिम्मत जुटाकर रस्सी के सहारे टैंक में उतरे लेकिन वह एक ही मजदूर को रस्सी से बांध पाए। तब तक उनकी भी हालत खराब होने लगी। इससे उन्हें बाहर निकाल लिया गया।
बाद में रस्सी से बंधे मजदूर को निकाला गया। दूसरे मजदूर को स्वयं ईओ सलिल भारद्वाज ने टैंक में घुसकर रस्सी से बांधा। तब उसे बाहर निकाला गया। दोनों मजदूरों को बाहर निकालने में करीब ढाई घंटे लग गए।
सूचना पर बिल्सी सीओ सुशील कुमार, इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष के पति हाजी मुशाहिद, वार्ड सदस्य विनोद शास्त्री, मुकेश गुप्ता और जल जीवन मिशन के साइड मैनेजर युगल भी पहुंच गए। उन्होंने तुरंत दोनों मजदूरों को रुदायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इस दौरान ईओ और राजमिस्त्री का भी मेडिकल चेकअप कराया गया। फिलहाल सभी स्वस्थ हैं।
इस्लामनगर कस्बे में इसी ओवर हेड टैंक में घुसे थे मजदूर। संवाद
इस्लामनगर कस्बे में इसी ओवर हेड टैंक में घुसे थे मजदूर। संवाद