जिले में कम नहीं हो रहा बुखार का प्रकोप, कई बीमार
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बुखार के कारण हो रहीं मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती बर्खिन निवासी बच्ची की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वह कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी। इसके अलावा जतकी निवासी एक लड़के की अलीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे भी बुखार था।
दहगवां के गांव जतकी निवासी परवेज (14) पुत्र मुन्नवर अली को कई दिनों से बुखार आ रहा था। ऐसे में उनका इलाज अलीगढ़ में कराया जा रहा था। वहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मृत्यु हो गई। इधर, कुंवरगांव क्षेत्र के गांव बर्खिन निवासी सुरेंद्र शर्मा की दो वर्षीय बेटी नमो को दो दिन से तेज बुखार आ रहा था। परिजन ने उसको इलाज के लिए बृहस्पतिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां पर इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार नमो के छह वर्षीय भाई गोविंद को भी बुखार आ रहा है। उसका भी इलाज किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार गांव में बुखार कई अन्य लोगों को भी है। गांव में अभी कोई स्वास्थ्य शिविर नहीं लगा है।
-
मलेरिया के 20, डेंगू के तीन निकले संक्रमित
बदायूं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को नौ गांवों में कैंप लगाए गए, जिसमें 763 लोगों की जांच की गई। रात आई रिपोर्ट में आठ लोग मलेरिया और तीन डेंगू संक्रमित मिले। वहीं वेलनेस सेंटर पर 1088 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। वहां पर 380 बुखार से पीड़ित मिले। यहां पर 12 लोग मलेरिया संक्रमित मिले।