उसावां (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर रविवार दोपहर मंगलवार बाजार के नजदीक दो बाइक आमने-सामने से टकरा गईं। एक बाइक पर सवार 42 वर्षीय विजेंद्र कश्यप की मौत हो गई, दो लोग घायल हो गए। दूसरी बाइक का सवार भाग गया।
वार्ड नंबर आठ निवासी विजेंद्र कश्यप काली माता के मंदिर के नजदीक अपना खेत देखकर घर लौट रहे थे। परिवार वालों के मुताबिक वह पैदल ही खेत पर गए थे। लौटते समय उन्हें वार्ड नंबर एक गूरा बाईपास निवासी अवधेश शर्मा और वार्ड नंबर पांच निवासी प्रमोद बाइक से आते मिले। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। विजेंद्र को पैदल आते देखकर उन्होंने उन्हें अपनी बाइक पर पीछे बैठा लिया।
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर मंगलवार बाजार के नजदीक सामने से आई एक बाइक टकरा गई। हादसे में विजेंद्र की मौत हो गई। अवधेश और प्रमोद घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति भाग गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। विजेंद्र का शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिवार वालों ने बताया कि विजेंद्र के तीन बेटे और तीन बेटियां हैं।
नीलगाय की टक्कर से दंपती घायल
बिसौली। हाईवे स्थित गोंटिया गांव के नजदीक नीलगाय की टक्कर से बाइक सवार दंपती घायल हो गए। थाना कुंवरगांव के गांव बर्खिन निवासी अनिल उपाध्याय अपनी पत्नी अनीता के साथ नगर स्थित एक अस्पताल में दवा लेने आ रहे थे। हाईवे पर गांव गोंटिया के पास अचानक नीलगाय से बाइक के सामने आ गई। हादसे में दोनों को गंभीर चोट आई है। निजी अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। संवाद
हादसे में घायल युवक ने दम तोड़ा
बिसौली। वाहन की टक्कर से घायल युवक ने हरिद्वार में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मोहल्ला बद्रीप्रसाद कॉलोनी निवासी युवक सचिन 23 सितंबर को बाइक से जा रहे थे। आंवला रोड पर किसी वाहन की उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर अवस्था में सचिन को सीएचसी पर भर्ती किया था। वहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिवार के लोग उन्हें हरिद्वार ले गए। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान सचिन की मौत हो गई। संवाद
ृतक विजेंद्र कश्यप। संवाद- फोटो : BADAUN