दातागंज कोतवाली में खड़ी हरीराम हत्याकांड के आरोपी। स्रोत पुलिस
दातागंज। कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात हरीराम हत्याकांड के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपियों ने लाठी-डंडे के अलावा चारपाई की एक पाटी निकालकर हरीराम के ऊपर वार किया था। दोनों हत्यारोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
ग्राम द्वियोरी में मंगलवार सुबह करीब सात बजे किसान हरीराम की लाठी-डंडे व चारपाई की पाटी से पीटकर हत्या कर दी गई थी। उस दौरान हरीराम अपने खेत से चारा काटकर घर लौट रहे थे। तभी हमलावरों ने रास्ते में घेरकर उनके साथ मारपीट कर दी थी। फिर उन्हें पकड़कर अपने घर के दरवाजे पर ले गए। इसके बाद उनकी पिटाई, जिसमें हरीराम की जान चली गई थी।
देर रात पुलिस ने दबिश देकर हत्यारोपी महेश चंद्र और विजयपाल उर्फ वीरेश को गिरफ्तार कर लिया। दोनों हत्यारोपी नगला तिराहे पर भागने की फिराक में थे। इस हत्याकांड में नामजद इरेंद्र सिंह, अनुज प्रताप सिंह, संतोष कुमार, राजपाल, आशा, मुनेंद्र, रिंकू और राजन नहीं पकड़े गए हैं। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है।
ग्राम प्रधान के खिलाफ दर्ज हैं चार मुकदमे
- द्वियोरी गांव के प्रधान इरेंद्र सिंह के खिलाफ अब तक चार मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। चौथा मामला हरीराम हत्याकांड का है। इससे पहले जो तीन मुकदमे हैं, वह सब जमीन से जुड़े हैं। गाटा संख्या 433 सरकारी स्कूल उद्यान के नाम से है, लेकिन यहां चार दुकानें और एक मकान का निर्माण करा दिया गया। ऐसे कई और भी मामले सामने आए हैं। वहीं, कई बार इन मामलों की जांच हुई और प्रशासनिक अधिकारियों ने निर्माण हटाने का भी आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।