सहसवान। बदायूं-मेरठ हाईवे पर ग्राम मचौना की मढ़ैया के नजदीक बुधवार सुबह एक ट्रक की चपेट में आने से ओमवीर की मौत हो गई। वह बाइक लेकर सहसवान की ओर आ रहे थे। रास्ते में दो ट्रक ओवरटेक कर रहे थे। एक ट्रक की चपेट में आने से युवक की बाइक काफी दूर तक घिसटती चली गई। जब तक पुलिसकर्मी उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, तब तक उसने दम तोड़ दिया था।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव मालपुर ततेरा निवासी ओमवीर (35) क्षेत्र में चल रहे टंकी निर्माण का काम देख रहे थे। वह बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से सहसवान की ओर आ रहे थे। हालांकि, उन्होंने हेलमेट भी नहीं लगाया था। उसकी बाइक बदायूं-मेरठ हाईवे पर ग्राम मचौना की मढ़ैया के नजदीक पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके पीछे से दो ट्रक ओवरटेक करते हुए आ रहे थे। ओमवीर अपनी दिशा में चल रहा था। ओवरटेक के दौरान एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी बाइक गिर गई और वह ट्रक के पिछले पहियों की चपेट में आ गया, जिससे उसका सिर कुचल गया। वहीं, बाइक ट्रक में फंस गई, जिससे वह काफी दूर तक घिसटती हुई चली गई।
राहगीरों ने ट्रक का पीछा भी किया लेकिन चालक ने तब तक काफी आगे जा चुका था। इससे वाहन सवार उसका पीछा नहीं कर पाए। वाहन सवारों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसकी सूचना पर युवक के परिवार वाले भी रोते बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए। दोपहर के समय पुलिस ने उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया। अभी ट्रक का पता नहीं चला है। इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने बताया कि इसमें तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।