ट्रैक्टर ट्राली में सवार लोग शादी समारोह से वापस घर जा रहे थे। जरीफनगर थाना क्षेत्र में मेरठ हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने ट्राली को टक्कर मार दी। जिससे ट्राली पलट गई।
बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम को गांव नैनोल बागवाला के पास अनियंत्रित कार और ट्राली की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद ट्राली पलट गई और उसमें सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत 19 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
बुधवार को दहगवां में शादी समारोह में शामिल होने के लिए सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव नौशेरा के रहने वाले लोग ट्रैक्टर-ट्राली से आए थे। बृहस्पतिवार को शाम करीब पांच बजे वह सभी वापस अपने घर जा रहे थे।
मेरठ हाईवे पर हुआ हादसा
इस दौरान जरीफनगर थाना क्षेत्र में मेरठ हाईवे पर गांव नैनोल बागवाला के पास पीछे की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने ट्राली में टक्कर मार दी। इससे ट्राली अनियंत्रित होती हुई पलट गई। हादसे में ट्राली सवार 60 वर्षीय मसलो पत्नी नेमपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 लोग ट्राली के नीचे दबकर घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को ट्राली के नीचे से निकाला।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार छोड़कर उसमें सवार लोग भाग गए। इस संबंध में एसएचओ जरीफनगर मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि कार की टक्कर से ट्राली पलटी थी। ट्राली के नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। कार चालक की तलाश की जा रही है।
यह लोग हुए घायल
ट्राली के नीचे दबने से बालिस्टर की 13 वर्षीय पुत्री सुमित्रा, रीता पत्नी राहुल, शिवम की दो वर्षीय पुत्री सारथी, तेजवती पत्नी कृपाल, संगीता पत्नी गुड्डू, रामपाल पुत्र दीप सिंह, माधुरी पत्नी शेरसिंह, हर्ष पुत्र बोगेश, लव पुत्र मनोज, सचिन पुत्र सत्यवीर, साक्षी पुत्री सत्यवीर, कृपाल पुत्र पुत्तन लाल,गुड्डी पत्नी बबलू, विनीता पत्नी सत्यवीर, शशि पत्नी धर्मेंद्र, अमन पुत्र दिनेश, नितिन पुत्र सत्यवीर, सीमा पत्नी अवनीश, माकुन पुत्र बबली निवासी गांव नौशेरा थाना सिविल लाइंस घायल हो गए। घायलों को दहगवां सीएचसी ले जाया गया, जहां से पांच लोगों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।