रस्तोगी धर्मशाला में आयकर विभाग की बैठक में मौजूद आयकर अधिकारी। संवाद
बदायूं। शहर के रस्तोगी धर्मशाला में आयकर कार्यालय की ओर से गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें व्यापारियों को अग्रिम कर जमा करने के लिए जागरूक किया गया। कहा कि समय से अपनी किस्त जमा कर दें, ताकि विभागीय कार्रवाई से बचे रहें।
आयकर अधिकारी शिव कुमार ने कारोबारियों, चार्टर्ड एकाउंटेंट, अधिवक्ताओं समेत अन्य करदाताओं को बताया कि अग्रिम कर की तीसरी किस्त जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर है। ऐसे में सभी कारोबारी अपनी तीसरी किस्त को 15 दिसंबर तक हर हाल में जमा कर दें ताकि विभाग की तरफ से होने वाली विभिन्न कार्रवाई से वह बचे रहें। साथ ही ब्याज भी न देना पड़े।
इसके साथ ही आयकर अधिकारी ने बैठक में मौजूद लोगों से सुझाव भी मांगे। इस मौके पर आयकर निरीक्षक वेद प्रकाश मीणा, वरिष्ठ कर सहायक आकाश यादव, कर सहायक बादल तोमर, सीएम अजय गोयल, सराफा कारोबारी सचित प्रकाश वैश्य, अधिवक्ता सूरज प्रकाश समेत अन्य करदाता मौजूद रहे।