फैजगंज बेहटा क्षेत्र में पलायन से पहले से बाहर निकालते घरेलू सामान।
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव सुरैली पापड़ी में एक मुस्लिम परिवार शुक्रवार दोपहर बाद गांव छोड़कर चंदौसी चला गया। बताते हैं कि पिछले तीन साल से जमीन को लेकर दूसरे समुदाय के व्यक्ति से विवाद चल रहा था। आठ दिन पहले दबंगों ने घर में घुसकर मुस्लिम परिवार पर हमला भी कर दिया था।
गांव सुरैली पापड़ी गांव में एक मात्र मुस्लिम परिवार रहता था। परिवार में तीन भाई छिद्दन, भूलन्न और छुट्टन हैं। इनके बच्चे भी हैं। पूरे परिवार में 15 सदस्य हैं। बताया जाता है कि गांव के ही दूसरे समुदाय के एक परिवार से तीन साल से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। दूसरे समुदाय का व्यक्ति जमीन अपनी बताता था। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप
उस जमीन पर छिद्दन और उसके भाई अपना मकान बनाना चाहते हैं, लेकिन दूसरा पक्ष मकान नहीं बनने दे रहा। आरोप है कि आठ दिन पहले दबंगों ने घर में घुसकर छिद्दन और भूलन्न से मारपीट की। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। तभी से आरोपी, परिवार को लगातार धमका रहा है। आरोपियों ने तीनों भाइयों पर फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराने का भी प्रयास किया।