बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में थ्रेसर का टायर फटने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
शुक्रवार को सुबह चार बजे गांव गंगी नगला निवासी 35 वर्षीय मुनेश पुत्र चरन सिंह ट्रैक्टर और थ्रेसर लेकर गेहूं निकालने के लिए खेतों पर गया था। इसी दौरान उसके थ्रेसर का टायर पंक्चर हो गया। इसके बाद उसने गांव के ही देवेंद्र के साथ मिलकर टायर खोला और पंक्चर जुड़वाने के लिए पड़ोसी गांव गंगपुर पहुंचे।
गंगपुर गांव से पंक्चर जुड़वाने के बाद वह थ्रेसर का टायर बाइक पर रखकर वापस खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब आठ बजे थ्रेसर के टायर-ट्यूब में ज्यादा हवा भरी होने की वजह से टायर फट गया। टायर फटते ही बाइक चला रहा मुनेश और टायर पकड़कर बैठा देवेंद्र दूर जा गिरा। हादसे में मुनेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक और घायल के परिजन मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसएचओ वेदपाल सिंह ने बताया कि टायर-ट्यूब में ज्यादा हवा भरी होने की वजह से वह फट गया।