बदायूं में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह ने एक युवक को जाल में फंसा लिया। गिरोह ने 75 हजार रुपये लेकर उसकी शादी करा दी। बाद में दुल्हन की विदा करने से इनकार कर दिया।
बदायूं के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव पापड़ हमजापुर में एक युवक शादी कराने के नाम पर रुपये ठगने वाले गिरोह के चंगुल में फंसने से बच गया। गिरोह ने आजमगढ़ से दो महिलाओं को बुलाकर एक महिला से उसकी 75 हजार रुपये लेकर शादी भी करा दी।
विज्ञापन
सोमवार सुबह कठपुला पुल के नजदीक धर्मस्थल पर विवाह की रस्म पूरी हुई, लेकिन दुल्हन की विदा करने को जालसाज तैयार नहीं हुए। वह बोले कि दुल्हन अभी अपने घर जाएगी। वहां से आप लोग विदा करवाकर लाना। यह सुनकर युवक और उसके पिता ने पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पुलिस उन्हें पकड़कर कोतवाली ले गई। वहीं बैठकर दोपहर तक पूछताछ चलती रही।
पुलिस ने दुल्हन और उसके साथ आई एक और महिला समेत चार लोगों को पकड़ा लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की। दोनों पक्षों ने लिखकर दे दिया कि वह कोई कार्रवाई कराना नहीं चाहते। इससे पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। इसके बाद महिलाएं वापस आजमगढ़ चली गईं।