उझानी। किलाखेड़ा मोहल्ला निवासी आकाश वर्मा के घर में रविवार देर शाम रहस्यमय ढंग से आग लग गई। घर में अकेली मासूम दो बच्चियों में एक तो रोते हुए बाहर निकल आई, लेकिन तीन साल की मासूम अंदर ही घिर गई। इसका पता लगने पर पड़ोसियों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसा रविवार रात करीब आठ बजे हुआ। गृहस्वामी आकाश वर्मा और उनकी मां घर में ही संचालित परचूनी की दुकान का सामान लेने के लिए बाजार गए थे। आकाश की पांच वर्षीय बेटी मिष्ठी और तीन साल की सृष्टि अकेली रह गई। अचानक कमरे में आग लग गई। कमरे में धुआं घुटने पर मिष्ठी तो बाहर निकल आई, लेकिन सृष्टि बेड पर लेटी रह गई। मिष्ठी को दरवाजे पर पड़ोस के लोगों ने रोता देखा तो वह अंदर घुस गए।
सोफा में आग लग जाने की वजह से कमरे में धुआं भर चुका था। पड़ोसियों ने सृष्टि को गोद में उठा कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। फोन करके आकाश को भी बुला लिया। पड़ोसियों ने आकाश के लौटने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। आग की चपेट में आने से सोफा समेत कमरे में रखा घरेलू सामान स्वाहा हो गया। आग लगने की वजह का पता नहीं लगा। कमरे में बिजली के तार भी नहीं हैं, जिससे कहा जा सके कि स्पार्किंग हुई होगी।